जायस। कस्बे में सोमवार को हुई सपा की पीडीए महापंचायत में सामाजिक समीकरण साधने के साथ विधानसभा की सियासत को धार देने का संदेश नजर आया। मंच से पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी और आंवला सांसद नीरज मौर्य ने भाजपा की नीतियों पर निशाना साधते हुए पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग को एक मंच पर लाने की बात कही।
नेताओं के संबोधन में पीडीए को सपा के राजनीतिक आधार के रूप में मजबूत करने और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने की रणनीति साफ दिखाई दी। आंवला सांसद नीरज मौर्य ने भाजपा सरकार पर वादों के अनुरूप काम नहीं करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की नीतियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। मौर्य समाज के लोगों से भी सपा के साथ एकजुट होने की अपील की। उनके संबोधन में सामाजिक आधार बढ़ाने के साथ संगठन को निचले स्तर तक सक्रिय करने पर जोर रहा।
पूर्व कैबिनेट मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने भाजपा पर हिंदू-मुस्लिम के बीच विभाजन की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को एकजुट होकर ऐसी राजनीति का मुकाबला करना होगा। उन्होंने पीडीए को पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग की एकजुटता का माध्यम बताते हुए सपा सरकार के कार्यकाल में आगरा एक्सप्रेसवे और डायल-100 जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।
कार्यकर्ताओं से स्थानीय स्तर पर संपर्क बढ़ाने, बूथ टीम को सक्रिय रखने और पिछड़े, दलित व अल्पसंख्यक वर्ग के बीच पार्टी की पहुंच मजबूत करने को कहा गया। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष राम उदित यादव, विक्रम सिंह, भुवनेश सिंह, मोहम्मद नईम, देवेंद्र भीमराज और मोहम्मद मुस्लिम आदि मौजूद रहे।