अमेठी सिटी। जिला मुख्यालय, गौरीगंज का तहसील रोड करीब एक सप्ताह से अंधेरे में डूबा है। स्थिति यह है कि शाम होते कलेक्ट्रेट जाने वाली सड़क पर पूरी तरह से अंधेरा छा जाता है। जिससे कलेक्ट्रेट व तहसील परिसर में निवास करने वाले व अन्य लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जामो रोड से तहसील या कलेक्ट्रेट परिसर तक करीब 400 मीटर लंबी सड़क है। नगर पालिका गौरीगंज की ओर से करीब 22 स्ट्रीट लाइटें लगाई गईं हैं। एक सप्ताह से तकनीकी खामी के चलते लाइटें बंद पड़ी हैं। जिससे आसपास के निवासी, दुकानदार व अन्य लोगों को अंधेरे से होकर गुजरना पड़ रहा है।
अधिकारियों व कर्मचारियों का परिवार भी इसी रोड के आसपास रहता है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी रविंद्र मोहन ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। लाइनमैन से मामले की जांच कराई जाएगी।