सिंहपुर (अमेठी)। थाना क्षेत्र शिवरतनगंज के खारा ग्राम पंचायत के पूरे लक्षन गांव में जमीन की पैमाइश कर कब्जा दिलाने गई राजस्व टीम पर अवैध कब्जेदारों ने पत्थर बाजी शुरू कर दी। राजस्व टीम ने मौके से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर एक दर्जन नामजद और सात-आठ अज्ञात के विरुद्ध पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। केस दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
राजस्व निरीक्षक चंद्रमणि वर्मा और राजस्व लेखपाल संजीत विश्वकर्मा रविवार शाम सुधांशु शेखर तिवारी निवासी सिंहपुर की बैनामे की भूमि की पैमाइश करने गए थे। राजस्व टीम पैमाइश कर ही रही थी कि अवैध कब्जेदार ओम प्रकाश पाल करीब डेढ़ दर्जन साथियों के साथ मौके पर पहुंच गए और राजस्व टीम के साथ गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते उक्त लोग उग्र हो गए और टीम पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। टीम के सदस्यों ने मौके से भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
राजस्व निरीक्षक चंद्रमणि वर्मा की तहरीर पर पुलिस ने ओम प्रकाश पाल, सुशील गुप्ता, दुर्गेश मौर्य, बाबूलाल मौर्य समेत बारह लोगों को नामजद और सात-आठ अज्ञात के विरुद्ध गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। एसओ अमरेंद्र सिंह ने बताया कि बारह नामजद में से ओम प्रकाश पाल और सुशील गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। कहा कि जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।