इन्हौना (अमेठी)। थाना क्षेत्र के इस्लामगंज बाजार में बृहस्पतिवार की रात दो पक्षों ने बीच सड़क पर एक-दूसरे पर जमकर लाठियां भांजीं। पुलिस वीडियो बनाते हुए तमाशबीन बनी रही। पुलिस की गाड़ी के सायरन भी बजते रहे, लेकिन लाठियां चलती रहीं। इसमें दोनों पक्ष के छह लोग जख्मी हो गए। पुलिस का दावा है कि किसी पक्ष ने तहरीर नहीं दी है।
इन्हौना थाना क्षेत्र के फत्तेपुर निवासी ओमप्रकाश व ओमजी इस्लामगंज में फल की दुकान करते हैं। बृहस्पतिवार की रात फल की दुकान पर रखे कैरट हटाने को लेकर ओमप्रकाश व ओमजी में कहासुनी हो गई। इसी बीच ओमप्रकाश का पुत्र वीरेंद्र, जितेंद्र व दीपक और ओमजी का पुत्र ओंकार व राहुल भी मौके पर पहुंच गए। कहासुनी देखते ही देखते ही मारपीट में तब्दील हो गई। बीच सड़क पर लाठियां चलने लगीं।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर लाठियां भांजीं। पुलिसकर्मी वीडियो बनाते तमाशा देखते रहे। पुलिस वाहन के सायरन बजते रहे, लेकिन मारपीट होती रही। मारपीट में एक पक्ष से वीरेंद्र, जितेंद्र व दीपक और दूसरे पक्ष से ओमजी, ओमकार व राहुल घायल हो गए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। इस मामले का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। हालांकि अमर उजाला वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। एसएचओ अमरेंद्र सिंह ने बताया कि घटना को लेकर दोनों पक्षों से तहरीर नहीं मिली है। दोनों पक्षों ने आपस में समझौता कर लिया है। लेकिन शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए दोनों पक्षों को शांतिभंग के मामले में पाबंद किया गया है। यदि कोई तहरीर मिलती है तो केस दर्ज किया जाएगा।