अमेठी तहसील परिसर में एसडीएम को ज्ञापन सौंपते किसान। स्रोत: संगठन
अमेठी। भारतीय किसान संघ की अवध प्रांत इकाई ने सोमवार को किसानों की राजस्व और चकबंदी से जुड़ी समस्याओं को लेकर उपजिलाधिकारी अमेठी को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने लंबित मामलों का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने, राजस्व कर्मियों की जवाबदेही तय करने तथा किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग की।
ज्ञापन में ग्रामसभा बाहापुर निवासी किसान राजेंद्र कुमार पांडेय के हदबरारी प्रकरण का विधिसम्मत निस्तारण कराने की मांग की गई। साथ ही ग्रामसभा सराय खेमा में करीब 20 वर्ष से लंबित चकबंदी प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए ग्राम स्तर पर नियमित सुनवाई की व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई गई।
किसान संघ ने भू-राजस्व, अंश निर्धारण, वरासत और दाखिल-खारिज से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर कार्रवाई की मांग भी की। संगठन ने सराय खेमा निवासी 75 वर्षीय पार्वती देवी के चक की संयुक्त टीम से पैमाइश कराने, जंगल रामनगर पूरे मनुराम पांडेय स्थित क्रय केंद्र का बिजली कनेक्शन चालू कर आवश्यक मरम्मत कराने की मांग भी उठाई। ज्ञापन सौंपने के दौरान अवध प्रांत अध्यक्ष केके सिंह, मंत्री ओमप्रकाश मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष समरजीत सिंह आदि मौजूद रहे।