अमेठी सिटी। भारतीय किसान संघ की ओर से मंगलवार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिले के सभी विकास खंड कार्यालय में दिया गया। किसानों ने खाद, बीज और बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं पर चिंता जताते हुए कहा कि किसानों के हित में तत्काल कदम उठाए जाएं।
संग्रामपुर में किसानों ने मांग की कि गुणवत्तापूर्ण खाद, बीज और कृषि रसायनों की पर्याप्त मात्रा समय पर उपलब्ध कराई जाए। मिलावटी खाद-बीज और कृषि रसायनों पर रोक लगाने के लिए कठोर कानून बनाए जाएं। खराब पड़े राजकीय नलकूपों की मरम्मत कराई जाए। नहरों और नलकूपों की नालियों की सफाई प्रत्येक वर्ष मनरेगा से कराई जाए।
रबी फसलों की सिंचाई के लिए दिन में बिजली आपूर्ति करने, शाखा सहायक खंड-41 से संग्रामपुर के सहजीपुर तक पानी न आने की समस्या दूर करने की मांग की। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष राणा प्रताप सिंह, मंत्री राजेंद्र सिंह, ज्ञान सिंह आदि मौजूद रहे।
अमेठी और भेटुआ में भारतीय किसान संघ ने खाद-बीज और बिजली की उपलब्धता के संबंध में ज्ञापन सौंपा। शाहगढ़ ब्लॉक कार्यालय में नौ सूत्री ज्ञापन दिया गया। इसमें निराश्रित जानवरों को संरक्षित करने के साथ गुलालपुर ड्रेन से फसल के नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग मुख्यमंत्री से की है।
इस मौके पर महामंत्री सत्येंद्र पाठक, ब्लाॅक अध्यक्ष उमा शंकर शर्मा, सुनील पांडेय, राज बहादुर उपाध्याय, माइकल मौजूद रहे। मुसाफिरखाना में भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष हारित सिंह के नेतृत्व में किसानों ने अपनी समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन बीडीओ को सौंपा। इस मौके पर राम आधार सिंह, सुशील शुक्ला, अवधेश सिंह, रमाशंकर आदि मौजूद रहे।