अमेठी सिटी। शाहगढ़ ब्लॉक क्षेत्र के पास टंडवा गांव में बुधवार की देर रात जंगली जानवर दिखने की सूचना पर लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। जंगली जानवर भगाने के लिए घरों से लाठी डंडा लेकर लोग बाहर निकल आए। वहीं सूचना के बाद बृहस्पतिवार की सुबह वन विभाग की टीम पहुंची। वन विभाग अब रात को भी गांव में खोज अभियान चलाएगा। हालांकि काफी देर तक ग्रामीण डटे रहे, लेकिन कोई जंगली जानवर नहीं दिखाई दिया। शाहगढ़ ब्लाॅक क्षेत्र में बुधवार को दिनभर अलग-अलग गांवों के 14 लोगों के जंगली जानवर के हमले में घायल होने के बाद ग्रामीण सहमे है। ब्लॉक क्षेत्र के टंडवा गांव में बाग के पास बने घरों के लोगों ने रात में जंगली जानवर दिखाई देने की बात कहते शोर मचाना शुरू कर दिया। इससे गांव में लोग सहम गए।
जंगली जानवर की आहट से भयभीत होकर सभी अपने-अपने घर में चले गए। ग्राम प्रधान अनीता की सूचना पर वन विभाग की टीम बृहस्पतिवार की सुबह गांव पहुंची। वन टीम ने मौके पर जंगली जानवर के पदचिह्न ढूंढने का प्रयास किया। क्षेत्र पंचायत सदस्य रेनू यादव ने कहा कि रात्रि को घरों के आसपास जंगली सियार की सूचना सार्वजनिक होने के बाद ग्रामीण दहशत में आ गए थे, रात भरकर जाग कर बीता।
वन दरोगा रोहित मिश्र ने बताया कि गांव में जंगली जानवर भेड़िया आने की सूचना के बाद वह मौके पर गए थे। ग्रामीणों को सतर्क रहने और ऐसे हालत में विभागीय नंबर पर सूचना देने को कहा गया हैं। ग्रामीणों ने कहा रात में वन विभाग की टीम पहुंचती तो जंगली जानवर दिखाई दे जाता।
झुंड में निकल रहे लोग
जिले के फुरसतगंज, अमेठी व शाहगढ़ क्षेत्र में जानवर से हमले के बाद भी वन विभाग का दावा है कि कोई जंगली जानवर जिले में सक्रिय नहीं है, लेकिन ग्रामीणों में खौफ है। लोग अब झुंड में निकल रहे है तो हाथ में उनके लाठी-डंडा रहता है।
इतना ही वन विभाग तहसीलवार वन क्षेत्राधिकारी की अगुवाई में तीन कर्मचारियों की टीम गठित कर निगरानी कर रहा है। टोल फ्री नंबर भी सार्वजनिक कर जंगली जानवर दिखने पर सूचना देने की अपील की गई है।
जानवर दिखने पर दें सचना
डीएफओ रणवीर मिश्र ने बताया कि जिले में जंगली जानवर का आतंक नहीं है। एहतियातन सतर्कता बरती जा रही है। लोगों से सतर्क रहते हुए जंगली जानवर दिखने पर सूचना देने की बात कही गई है।
जंगली जानवर खबर का जोड़
ग्रामीण बोले, सियार ने उछल-उछल कर किया था हमला
अमेठी सिटी। सियार के हमले के बाद भुसियावां, कोरारी गिरधरशाह व मौजी का पुरवा गांव में दहशत बरकरार है। गांव के फूलचंद्र पाठक ने बताया कि सियार ने उछलकर उनके पिता गंगाप्रसाद पाठक के चेहरे पर हमला कर दिया था। जिले में एआरवी का टीका नहीं मिलने पर लखनऊ जाकर टीकाकरण करवाया। भाजपा के भुसियावां शक्ति केंद्र के प्रभारी प्रशांत त्रिपाठी ने बताया कि सियार के हमले के बाद लोगों में दहशत का माहौल है। लोग बाहर निकलने से डर रहे हैं। सियार ने एक पालतू जानवर को भी काट कर घायल कर दिया है।
विधि छात्र हरीश तिवारी ने बताया कि सियार लोगों ने मार दिया है, इसके बाद भी गांव में लोग लाठी-डंडा लेकर ही बाहर निकल रहे हैं। गांव के किसान राजेश्वर तिवारी ने बताया कि गांव में अभी बड़ी संख्या में सियार हैं। बृहस्पतिवार को भी सियार दिखाई दिया था, जिससे लोग डर गए। लेकिन किसी पर हमला नहीं किया, शोर मचाने पर भाग निकला।