अमेठी सिटी। शाहगढ़ विकास खंड के ग्राम बहोरखा में राशन कोटेदार पर बायोमीट्रिक हाजिरी के बाद भी राशन नहीं देने का आरोप है। जांच के दौरान करीब 225 लाभार्थियों के बयान दर्ज किए गए। कोटेदार का कहना है कि पत्नी की तबीयत खराब होने से अचानक अस्पताल जाना पड़ा, जिससे वितरण कार्य प्रभावित हुआ है।
बहोरखा गांव के ग्रामीणों ने कोटेदार पर आरोप लगाया है कि बायोमीट्रिक हाजिरी के बाद उनका राशन नहीं दिया गया। इसके बदले में उन्हें राशन की मात्रा लिखी एक पर्ची थमा दी गई। पूर्ति निरीक्षक योगेश वर्मा, विभागीय बाबू अमित श्रीवास्तव आदि ने बहोरखा स्थित कोटे पर पहुंचकर मामले की जांच की। अधिकारियों के अनुसार, राशन की दुकान में अंत्योदय कार्ड धारक 135 और पात्र गृहस्थी 559 कार्डधारक हैं। पूर्ति निरीक्षक के अनुसार, मौके पर गेहूं 126 बोरी लगभग 63 क्विंटल, चावल 202 बोरी लगभग 126 क्विंटल पाया गया।
हाथ से लिखी हुई पर्ची थमा दी गई
इस दौरान कार्ड धारक राम तीरथ, संपूर्णानंद, प्रदीप मिश्रा, धर्मेंद्र पांडेय, कालीचरण ने बताया कि कोटेदार ने मशीन पर अंगूठा लगवा लिया, बाद में राशन नहीं दिया गया। हाथ से लिखी हुई पर्ची थमा दी गई। पूर्ति निरीक्षक ने बताया कि जांच जारी हैं, किसी तरह की अनियमितता मिलने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। बृहस्पतिवार को जांच के दौरान मौके पर लोगों का भारी जमावड़ा रहा।