डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में हॉकी प्रतियोगिता में खेलते खिलाड़ी। स्रोत: स्थानीय
अमेठी सिटी। अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस पर मंगलवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में हॉकी और फुटबॉल के मैत्री मुकाबले आयोजित किए गए। जिला खेल कार्यालय की ओर से आयोजित प्रतियोगिताओं में स्टेडियम ट्रेनीज ने दोनों मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-1 के समान अंतर से जीत दर्ज की।
हॉकी प्रतियोगिता में स्टेडियम ट्रेनीज का मुकाबला राज गौरव पब्लिक स्कूल की टीम से हुआ। शुरुआत से ही स्टेडियम ट्रेनीज के खिलाड़ियों ने मैच पर पकड़ बनाए रखी और 4-1 से जीत हासिल की। फुटबॉल मुकाबले में स्टेडियम ट्रेनीज और श्री शिवप्रताप इंटर कॉलेज की टीम आमने-सामने रही। इस मैच में भी ट्रेनीज ने बेहतर तालमेल और रणनीति के दम पर 4-1 से जीत दर्ज की।
उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक दिवस का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना विकसित करना और उन्हें खेलों से जोड़ना है। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करते हैं। इस दौरान कई कर्मचारी और खिलाड़ी मौजूद रहे।