जगदीशपुर (अमेठी)। कमरौली थाना क्षेत्र में लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर मंगलवार देररात एक डीसीएम तेज रफ्तार डीसीएम ट्राॅला में पीछे से जा घुसी। हादसे में झारखंड के डीसीएम चालक की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्राॅला चालक वाहन छोड़ कर भाग निकला। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
झारखंड के सिंहभूमि जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र स्थित मनपिता निवासी कृष्णा गिरी (39) पुत्र कैलाश डीसीएम चालक था। वह मंगलवार की रात लखनऊ से डीसीएम में सामान भरकर जमशेदपुर जा रहा था। वह देररात कमरौली थाना क्षेत्र के उतेलवा के पास पहुंचा, तभी आगे चल रहे ट्राॅला में पीछे से डीसीएम जा घुसी। इस हादसे में डीसीएम चालक वाहन में ही फंस गया।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची। उसने बड़ी मशक्कत से डीसीएम में फंसे चालक को बाहर निकाला और उसको सीएचसी जगदीशपुर में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्राॅला चालक व उसपर सवार लोग वाहन छोड़ कर भाग निकले। जगदीशपुर थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कार्रवाई की जाएगी।