अमेठी सिटी। माता वैष्णो देवी के दर्शन करने की योजना बना रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। ट्रैक पर चलने वाली अर्चना एक्सप्रेस में वेटिंग सूची बढ़ने के कारण रेलवे ने एक स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस स्पेशल ट्रेन की आरक्षित सीटों की बुकिंग अब शुरू हो चुकी है। यह स्पेशल ट्रेन वाराणसी और जम्मूतवी के बीच अप और डाउन में चार चक्कर लगाएगी।
अभी तक लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेल ट्रैक पर अमेठी स्टेशन से अर्चना एक्सप्रेस ही जम्मूतवी के लिए संचालित होती है। यह ट्रेन रविवार और बुधवार को जम्मू से रवाना होकर सोमवार और बृहस्पतिवार को अमेठी में ठहराव करती है, जबकि मंगलवार और शनिवार को यह पटना से रवाना होकर जम्मू जाती है। अब वैष्णो देवी के दर्शन के लिए यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए रेलवे ने एक विशेष पर्व स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है।
यह ट्रेन 10, 12, 13 और 15 अप्रैल से वाराणसी से रवाना होगी और प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, लखनऊ होते हुए अगले दिन माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी। वापसी में यह ट्रेन 11, 13, 14 और 16 अप्रैल को जम्मूतवी से रवाना होकर अगले दिन वाराणसी लौटेगी। इस ट्रेन का ठहराव लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, अंबाला, जालंधर, पठानकोट, और जम्मूतवी स्टेशनों पर होगा।
स्पेशल ट्रेन में एसी प्रथम श्रेणी का एक कोच, एसी द्वितीय श्रेणी के दो, एसी तृतीय श्रेणी के छह, स्लीपर के चार, सामान्य श्रेणी के चार कोच और पावर कार व एलएलआर का एक कोच होगा। रेलवे का आदेश जारी होने के बाद आरक्षित सीटों की बुकिंग शुरू हो चुकी है।