गौरीगंज/जामो (अमेठी)। जिले में अपराध नियंत्रण करने के साथ कोविड-19 संक्रमण के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार देर शाम एसपी ने जामो समेत कई कस्बों में पैदल मार्च किया। इस दौरान माइक से लोगों को कोरोना संक्रमण से बचाव की जानकारी देते हुए आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने तथा सोशल डिस्टेंसिंग नियम का पालन करने व मास्क का प्रयोग करने की अपील करते हुए मास्क वितरित किया।
आगामी त्यौहारों के मद्देनजर जिले में कानून व्यवस्था को बेहतर बनाने, लोगों के मन से पुलिस का खौफ समाप्त कर सुरक्षा का एहसास दिलाने की कोशिश में जुटे एसपी दिनेश सिंह शुक्रवार शाम अचानक जामो कस्बा पहुुंच गए। कस्बे में एसपी ने फोर्स के साथ पैदल मार्च करते हुए माइक के माध्यम से लोगों को कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक करते हुए आवश्यक होने पर घर से बाहर निकलने तथा बाहर निकलने पर मास्क का प्रयोग करने की अपील की।
इस दौरान एसपी ने राहगीरों को मास्क वितरित करते हुए संदिग्ध वाहन व स्थानों की तलाशी लेते हुए नियम तोड़ने वाले कई वाहन स्वामियों पर जुर्माना की कार्रवाई भी की। जामो से निकले एसपी ने कई अन्य कस्बों में भी पैदल मार्च लोगों से अपील करने के साथ ही किसी भी आपराधिक गतिविधि की तत्काल सूचना देने की अपील भी की।
एसपी ने बताया कि कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मास्क का प्रयोग अनिवार्य रुप से करने के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमणशील रहकर अपराधियों पर कार्रवाई करने के साथ ही सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्यौहार संपन्न करवाने का निर्देश दिया गया है। इस मौके पर एसपी के साथ एएसपी दयाराम सरोज, सीओ अर्पित कपूर के साथ बड़ी संख्या में फोर्स मौजूद रही।