अमेठी सिटी। लगातार बढ़ रहीं आपराधिक घटनाएं, लापरवाही करने और फरियादियों के साथ बदसुलूकी करने वाले थाना प्रभारियों को बृहस्पतिवार को क्राइम मीटिंग में एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि आपराधिक घटनाओं का खुलासा न करने वाले थानाध्यक्षों की कुर्सी सुरक्षित नहीं रहेगी। पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाना सुनिश्चित करें।
एसपी ने सभी सीओ और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि भूमि विवाद, महिला अपराध, चोरी-लूट, हिस्ट्रीशीटर और गैंगस्टर एक्ट के अपराधियों पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। रात्रिगश्त बढ़ाई जाए और बाजार, चौराहों, बैंकों व सराफा की दुकानों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की नियमित चेकिंग की जाए। उन्होंने पुराने मामलों में दोषियों पर हुई कार्रवाई का रिकॉर्ड समय पर निपटाने और गुंडा, गैंगस्टर एक्ट व जिला बदर की कार्रवाई का पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
एसपी ने साफ संदेश दिया कि थाने का काम केवल रिपोर्ट दर्ज करना नहीं, बल्कि समाज में सुरक्षा और विश्वास बनाए रखना भी है। क्राइम मीटिंग में अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह, सीओ अमेठी मनोज मिश्र, तिलोई डॉ. दिनेश मिश्र, गौरीगंज अखिलेश वर्मा और मुसाफिरखाना सीओ अतुल कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी को निर्देशित किया गया कि अपने क्षेत्रों में नियमित चेकिंग अभियान चलाकर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।