जगदीशपुर (अमेठी)। प्रयागराज महाकुंभ, काशी विश्वनाथ मंदिर सहित अयोध्या धाम दर्शन के लिए निकले श्रद्धालुओं को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। बृहस्पतिवार को सड़कों के किनारे होटलों, ढाबों और खाली सार्वजनिक स्थानों पर श्रद्धालु जगह-जगह रुके रहे। पेट्रोल पंपों पर ईंधन लेने के लिए भी वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
जगदीशपुर कस्बे में जाम की स्थिति दिखाई पड़ी। बृहस्पतिवार को जगदीशपुर चौराहे के चारों तरफ वाहनों का दबाव दिनभर रहा। लोगों के वाहन दिनभर रुक-रुक कर रेंगते दिखे। यह हाल चौराहे से शुकुलबाजार मोड, जायस तिराहा, अमेठी प्रयागराज रोड और अयोध्या धाम जाने वाले मार्ग का था। अयोध्या धाम जाने वाले मार्ग, लखनऊ-वाराणसी हाईवे से निकलने वाले सभी मार्ग खुले दिखे, लेकिन पुलिस लगातार निगरानी करती दिखी।
उधर, अयोध्या-प्रयागराज हाईवे पर स्थित पीपरपुर थाना क्षेत्र के दुर्गापुर, रामगंज, छीड़ा से होकर प्रयागराज महाकुंभ व अयोध्या रामलला के दरबार में जाने के लिए श्रद्धालुओं का आवागमन बृहस्पतिवार की सुबह सामान्य रहा। बुधवार की रात नौ बजे के बाद रुक-रुक कर हाईवे पर जाम की स्थिति बन रही थी। स्थानीय लोगों की मानें तो जाम का सिलसिला बृहस्पतिवार की भोर तक था। इस बीच श्रद्धालुओं को दो घंटे जाम से जूझना पड़ा। बीच-बीच में रेंगकर वाहन अपने गंतव्य को जा रहे हैं।
श्रद्धालुओं का छलका दर्द
थौरी स्थित ढाबे पर भोजन के लिए रुके बंगलूरू के आसन निवासी दर्शनार्थी नाटेस ने बताया कि वे पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के गांव के समीप आसन गांव से पांच लोगों के साथ आए हैं। तीन दिन पहले मंगलवार को निकले, पहले पटना तक फ्लाइट से आए, वहां से गाड़ी किराए पर लेकर पहले काशी में बाबा विश्वनाथ दर्शन के बाद प्रयागराज पहुंचे। साथी श्रद्धालु शेषरना, नाष्टेश, श्रीप्रिया, रूपा गौड़ा ने बताया कि पांच किलोमीटर पैदल चलने के बाद किराए की बाइक से घाट पर पहुंचे। उसके बाद भी लेटे हनुमानजी के दर्शन नहीं हो पाए, अब अयोध्या धाम प्रभु श्रीराम के दर्शन को जा रहे हैं।
यहीं पर दिल्ली के नजबगढ़ निवासी मीना कौशिक, नरेश कुमारी शर्मा, हरियाणा की रादौर जमुनानगर निवासी सुनीता शर्मा ने बताया कि बुधवार को सुबह 6.30 बजे निकले थे। कानपुर में कुछ जाम मिला, उसके बाद प्रयागराज रात आठ बजे पहुंच कर सेक्टर 11 में रुके । बृहस्पतिवार सुबह छह बजे स्नान किया, भीड़ की वजह से हनुमानजी के दर्शन नहीं कर पाए। बताया कि अयोध्या धाम जाना है। मेन रोड से प्रयागराज में जाने नहीं दिया गया। गूगल के सहारे गांव गिरांव के रास्ते से पहुंचे। बताया कि प्रशासन और स्थानीय लोगों को सफाई का ध्यान रखना चाहिए, अयोध्या धाम जाने वाले मार्ग पर भगीरथपुरम में खाली स्थान पर रुके। हैदराबाद के संघारेड्डी जिले के जहीराबाद निवासी शिवकुमार, मल्लना, भुनेश्वरी, अश्वनी, शकुंतला ने बताया कि शनिवार को चले थे। प्रयागराज गए। बताते हैं कि पांच किलोमीटर पैदल चले, बाइक वाले जगह-जगह परेशान कर रहे थे। कहते थे कि 500 रुपये दो तो मौके तक पहुंचा दें। बताया कि काशी विश्वनाथ में जलाभिषेक करने के लिए 10 घंटे का लाइन लगानी पड़ी। अयोध्या धाम में प्रभु के दर्शन चार घंटे में मिले।