अमेठी सिटी। चुनावी समर में आरोप प्रत्यारोप का सिलसिला बढ़ गया है। शुक्रवार को एक बार फिर सांसद स्मृति जूबिन इरानी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अमेठी में भी कोरोना की भयंकर स्थिति आई थी। ये लोग अमेठी को अपना परिवार कहते रहे, लेकिन कांग्रेस परिवार से कोई नहीं आया। क्या मुझे डर नहीं लगा... मैं भी गांव-गांव घूमी थी... मेरा भी परिवार है...ऐसे में जिन्होंने इतने साल अमेठी को परिवार कहा वह क्यों नहीं आए। वर्षों से उन्होंने परिवार को तोड़ने का काम किया है। हम सबको एकजुट होकर अमेठी के सम्मान के लिए और अमेठी के उत्थान के लिए यह चुनाव लड़ना है। इससे पहले भी बुधवार को स्मृति ने राहुल पर गंभीर आरोप लगाए थे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमने तो लोगों को रंग बदलते देखे हैं। यह तो परिवार बदल रहे हैं। वायनाड में भाषण के दौरान वह कह रहे हैं कि वायनाड के लोग ज्यादा वफादार हैं तो हम क्या हुए? स्मृति ने आरोप लगाया कि वह अपने लिए लड़ रहे हैं हम अपनों के लिए लड़ रहे हैं। इस बीच उनके आवास पर गौरीगंज विधानसभा के 150 ग्राम प्रधानों, पूर्व ग्राम प्रधानों और यादव समाज के संभ्रात लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।