बाजारशुकुल (अमेठी)। दिल्ली से बिहार जा रही स्लीपर बस सोमवार देर रात पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पारा गांव के पास ओवरटेक करते समय कंटेनर से टकरा गई। दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य लोग घायल हो गए। बस में 50 यात्री सवार थे। मरने वाले पांच लोगों में तीन की पहचान हो गई है। जिसमें दो बिहार के हैं, जबकि एक यात्री हाथरस का है।
हादसे के बाद कंटेनर व बस के चालक भाग निकले। यूपीडा के अफसरों व पुलिस ने घायलों को बाजार शुकुल सीएचसी भेजा। डीएम ने घटना की जांच के लिए एक टीम मौके पर भेजी है। पुलिस का कहना है कि वाहन को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है।
एक निजी एजेंसी की बस दिल्ली से बिहार के सिवान जा रही थी। सोमवार की रात करीब डेढ़ बजे बाजार शुकुल इलाके में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर पारा गांव के पास पहुंची, तभी बस चालक तेज गति से एक कंटेनर को ओवर टेक किया। बस कंटेनर में पीछे से बायीं ओर से टकराते हुए निकली और आगे जाकर चालक ने बस रोक दी। हादसे में बस का बायां हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कंटेनर और स्लीपर बस का चालक मौके से भाग निकले। हादसे के बाद बस में चीख पुकार मच गई। सूचना पर यूपीडा के अधिकारी व पुलिस ने पहुंचे तो चार लोगों की मौके पर मौत हो चुकी थी, जबकि 11 लोग घायल थे।
घायलों को तत्काल सीएचसी बाजारशुकुल लाया गया। जहां से रेफर किए गए एक व्यक्ति की जिला अस्पताल मौत हो गई। घायलों में प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी बाजारशुकुल से सात लोग अपने गंतव्य के लिए चले गए। एक दंपती का सीएचसी बाजारशुकुल व दो लोगों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की जांच के लिए एसपी ने एआरटीओ सहित एक टीम मौके पर भेजी है।
इधर, देरशाम मरने वालों में बिहार के गोपालगंज क्षेत्र के आलापुर बड़कुइया बरौली निवासी सुनील कुमार (28), छपरा के इश्वापुर किरवा निवासी भीमकुमार (32) और हाथरस के अलगरजी नगला निवासी शिवाकुमार (30) की पहचान हुई है। जबकि दो अन्य यात्रियों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
घटना में ये हुए घायल
सीएचसी बाजार शुकुल लाए गए घायलों में बिहार निवासी विनोद कुमार (32), देवरिया के शशि प्रकाश सिंह (31), बिहार के महाराजगंज केरवन निवासी अच्छेलाल पटेल (62) व उनकी पत्नी हीरा देवी (55), बिहार के ही अखिलेश कुमार (34), कुशीनगर निवासी मिथिलेश देवी (70) पत्नी छेदी व किरन मिश्रा (50) पत्नी रमेश मिश्रा, प्रभा देवी (40), रजेश मिश्र (50), बिहार के केरवा निवासी अनिल कुमार (32) व अमरेश कुमार (26), परमेश मिश्रा (50) पुत्र धर्मराज शामिल हैं। अखिलेश व अमरेश जिला अस्पताल भेजे गए। अच्छेलाल व उनकी पत्नी हीरा देवी बाजारशुकुल सीएचसी में हैं। शेष लोग प्राथमिक उपचार के बाद चले गए।
अनियंत्रित रफ्तार बन रही हादसे का सबब
बाजार शुकुल (अमेठी)। तीन दिन के भीतर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर मंगलवार की सुबह दूसरा हादसा हो गया। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हो रहे ताबड़तोड़ हादसों की अनियंत्रित रफ्तार मुख्य वजह है। एक्सप्रेसवे पर बीच-बीच में मानक से अधिक रफ्तार को बताने वाले संकेतक लगे हैं। आमतौर पर संकेतक के सामने से ओवर स्पीड में गुजर रहे वाहनों का चालान भी हो जाता है।
सुरक्षा अधिकारी रामचंद्र वर्मा ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेस पर लोग अधिक स्पीड से ही चलते हैं। कभी-कभी तेज गति से जा रहे वाहन चालक अचानक गति संकेतक देखते ही चालान के भय से वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश करते हैं। रफ्तार काफी अधिक होने की वजह से हादसे का शिकार हो जाते हैं। दुर्घटना के अधिकतर मामलों में चालक की लापरवाही होती है।