अमेठी सिटी। अब तकनीकी प्रशिक्षण के लिए जिले के युवाओं को दूसरे शहरों तक की दौड़ नहीं लगाना पड़ेगी। नए सत्र से तीनों राजकीय आईटीआई में 21 नए ट्रेड शुरू होंगे। इसकी आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और अगस्त से प्रवेश प्रारंभ हो जाएंगे। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं के लिए अप्रेंटिसशिप व प्लेसमेंट के अवसर बढ़ने से उनके लिए रोजगार पाने की राह भी आसान हो सकेगी।
अब तक सीमित ट्रेड होने के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को रायबरेली, सुल्तानपुर, लखनऊ समेत अन्य जिलों में प्रशिक्षण के लिए जाने से रहने, खाने और आने-जाने का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता था। नए ट्रेड शुरू होने से यह परेशानी काफी हद तक खत्म हो जाएगी। विद्यार्थियों को स्थानीय स्तर पर ही उद्योगों की मांग के अनुरूप आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने का मौका मिल सकेगा।
प्रशिक्षण पूरा करने के बाद विद्यार्थियों को विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अप्रेंटिसशिप के साथ ही आयोजित होने वाले रोजगार मेलों के माध्यम से निजी कंपनियों में प्लेसमेंट की संभावना भी बढ़ेगी। जो युवा स्वयं का रोजगार शुरू करना चाहते हैं, उन्हें भी तकनीकी दक्षता हासिल करने का मौका मिलेगा। जिले में औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार के साथ कुशल तकनीशियनों की मांग लगातार बढ़ रही है। ऐसे में स्थानीय स्तर पर ही बेहतर तकनीकी शिक्षा मिलने से युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे। नोडल अधिकारी महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि नए ट्रेडों की स्वीकृति मिलने के बाद आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अगस्त से प्रवेश व शिक्षण कार्य शुरू हो जाएगा।
इन ट्रेडों में मिलेगा प्रशिक्षण
राजकीय आईटीआई जगदीशपुर के प्राचार्य अजय सिंह ने बताया कि शासन से स्वीकृति मिलने के बाद जिले के तीनों राजकीय आईटीआई में 21 नए ट्रेड शुरू किए जा रहे हैं। जगदीशपुर में मैकेनिक मोटर व्हीकल, मैकेनिक इलेक्ट्रॉनिक्स, मशीनिस्ट, कोपा, वेल्डर, फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी व कॉस्मेटोलॉजी, जाया में मैकेनिक एयर कंडीशनर एवं रेफ्रिजरेशन, मैकेनिक डीजल, फिटर, कोपा, वेल्डर, फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी व कॉस्मेटोलॉजी तथा अमेठी आईटीआई में आरएसी, मशीनिस्ट/ऑपरेटर एडवांस मशीन टूल्स, मैकेनिक डीजल, वेल्डर, फैशन डिजाइन एंड टेक्नोलॉजी व कॉस्मेटोलॉजी ट्रेड।