जगदीशपुर (अमेठी)। क्षेत्र के निहालगढ़ पश्चिम मोहल्ले में छह संदिग्ध डेंगू संक्रमित मिलने की सूचना के बाद शनिवार को स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। एनएस कार्ड की जांच में डेंगू संक्रमित होने की पुष्टि के बाद सैंपल लेकर एलाइजा जांच के लिए लैब भेजा गया है। डेंगू से बचाव के लिए दवा का छिड़काव कराकर शुरू निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। इसमें पांच का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है तो एक घर पर भी है।जिले में संक्रामक बीमारियों का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले में एक डेंगू मरीज संक्रमित की पुष्टि हो चुकी है। 30 संभावित संक्रमित की श्रेणी में है। इसी बीच शनिवार को जगदीशपुर कस्बे के निहालगढ़ पश्चिम में एस-वन कार्ड की जांच में छह के डेंगू संक्रमित होने की सूचना प्रशासनिक अमले को मिली। निहालगढ़ पश्चिम मोहल्ला निवासी उषा यादव, गोविंद यादव, चंद्रावती, दिलीप व सरिता में डेंगू का लक्षण मिलने से परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। सुरेंद्र कुमार यादव उपचार के बाद स्वस्थ होकर घर में हैं।
एक मोहल्ले के छह लोगों के डेंगू संक्रमित होने की पुष्टि एनएस कार्ड से होने के बाद सभी का सैंपल लेकर एलाइजा जांच के लिए आरटीपीसीआर लैब भेजा गया है। सूचना के बाद शनिवार को गांव पहुंचे सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह, डीपीआरओ श्रीकांत यादव, मलेरिया निरीक्षक विनोद कुमार सोनी समेत स्थानीय स्वास्थ्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। टीम ने मौजूदगी में एंटी लार्वा व लार्बी साइडल दवा का छिड़काव कराकर निरोधात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। गांव पहुंची टीम ने बुखार पीड़ित मरीजों को सूचीबद्ध कर ऐसे 31 मरीजों की स्लाइड बनाकर जांच की।
घरों में लार्वा की खोज के दौरान सुरेंद्र कुमार के घर पर कबूतर को पानी पिलाने के लिए रखे बर्तन में डेंगू लार्वा मिलने की बात टीम के सदस्य कह रहे हैं। टीम ने बर्तन खाली कराकर बचाव संबंधी जानकारी देते हुए संक्रामक बीमारियों से बचाव का तरीका बताया।
सक्रिय हैं स्वास्थ्य टीमें
सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि अभी तक सभी मरीज संदिग्ध श्रेणी में हैं। स्थित नियंत्रण में है। ज्यादातर मरीजों में डेंगू की पुष्टि नहीं होने से लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। एलाइजा जांच रिपोर्ट के बाद सही स्थिति का पता चलेगा। गांव में एहतियातन निरोधात्मक कार्रवाई कराई गई। पंचायत विभाग के माध्यम से एंटी लार्वा दवाओं का छिड़काव तथा स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा जागरूकता अभियान संचालित कर निगरानी करने को कहा गया है।