बाजारशुकुल के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर काजीपुर गांव के पास हुए हादसे में दुर्घटना
बाजारशुकुल। बाहरपुर के पूरे शुकलन गांव निवासी सर्वेश यादव (30) की बाइक पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर काजीपुर गांव के पास कार की चपेट में आ गई। हादसे में बाइक सवार सर्वेश की बहन गुड़िया (35) की मौत हो गई, जबकि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। बहन की मौत और भाई के घायल होने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पूरे शुकलन गांव निवासी गयानाथ के मुताबिक उनकी पत्नी गुड़िया बुधवार को अपने बड़े भाई सर्वेश यादव के साथ जगदीशपुर से दवा लेकर वापस आ रही थी। काजीपुर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के सर्विस रोड पर सामने से आ रही कार की चपेट में बाइक आ गई। हादसे में दोनों लोग घायल हो गए। चालक कार छोड़कर मौके से भाग निकला।
स्थानीय लोगों ने दोनों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टर ने गुड़िया को मृत घोषित कर दिया। सर्वेश की हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गुड़िया की मौत के बाद बेटा आयुष और बेटी पीहू का रो-रोकर बुरा हाल है। बच्चों को रोता देख मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। सास निर्मला बेसुध हो गई हैं। गयानाथ गमगीन हैं। रिश्तेदार परिजनों को सांत्वना देने में जुटे रहे। एसओ विवेक वर्मा ने बताया कि क्षतिग्रस्त बाइक व कार को कब्जे में ले लिया गया है। रिपोर्ट दर्ज कर चालक की तलाश की जा रही है।