अमेठी सिटी। जमीन विवाद सहित अन्य शिकायतों के निस्तारण के लिए शनिवार को समाधान दिवस आयोजित हुआ। एसपी डॉ. इलामारन जी ने अमेठी कोतवाली में तो गौरीगंज में एसडीएम अभिनव कनौजिया व सीओ मयंक द्विवेदी ने सुनवाई की। संत रविदास जयंती का अवकाश होने से दिवस में लेखपाल नहीं दिखे तो फरियादियों की संख्या में भी कम रही। शिकायतों के निस्तारण के लिए संयुक्त टीम गठित कर तीन दिन में निस्तारण करने के निर्देश दिए। गौरीगंज थाना समय 11:46 एसडीएम व सीओ कक्ष में बैठक कर फरियादियों का इंतजार कर रहे थे। तभी कटरालालगंज वार्ड निवासी श्रीराम सोनी पहुंचे कहा कि साहब, बलीपुर खुर्दवा में भूमि का बैनामा लिया है। सीमांकन के बाद बाउंड्रीवॉल का निर्माण किया है। बावजूद इसके एक महिला जबरन उस भूमि से रास्ता निकालकर परेशान कर रही है। विवाद करते हुए कहती है कि रास्ता दो नहीं तो फर्जी केस में फंसा दूंगी।
एसडीएम ने राजस्व निरीक्षक व उपनिरीक्षक की टीम गठित कर प्रकरण की जांच कर निस्तारण करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त गौरीगंज में असुरा निवासी शफीन्ननिशा ने गांव के कुछ लोगों पर पैत्रिक मकान निर्माण में जबरन बाधा करने की बात कहते हुए जांच करवा मकान निर्माण की बाधा दूर कराने की मांग की। ऐधी निवासी शशिवाल ने कहा कि उसके पति की मौत हो चुकी है। कुछ लोग परेशान कर दुकान पर कब्जा कर लिए है। एसडीएम ने दोनों प्रकरण में एसएचओ अमर सिंह को जांच करवा करवाई के निर्देश दिए।
अमेठी कोतवाली में एसपी ने फरियादियों के शिकायतों की सुनवाई करने के बाद थाना का निरीक्षण किया। एसएचओ अरुण कुमार द्विवेदी को दिवस में प्राप्त शिकायतों का निरस्तारण कर रिपोर्ट देने को कहा है।
कूड़ा डालकर रास्ता बाधित करने का आरोप
शाहगढ़ (अमेठी)। थाना समाधान दिवस पर मुंशीगंज में मौजूद एसएचओ अखंड देव मिश्र के सामने पेश हुए लोनरा गांव निवासी राम सिंह ने गांव के कुछ लोग सार्वजनिक खड़ंजा मार्ग पर कूड़ा करकट, बबूल की टहनी आदि रखकर आवागमन बाधित करने का आरोप लगाया है।
कहा कि मार्ग बाधित होने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशान हो रही है। सुनवाई के बाद एसएचओ ने चौकी प्रभारी महेंद्र सरोज को मौके पर जाकर जांच करते हुए शिकायत निस्तारित करने का निर्देश दिया।
चार शिकायतों में तीन निस्तारित
फुरसतगंज(अमेठी)। थाना प्रांगण में एसओ अमरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस में चार शिकायतें आईं। इसमे तीन का मौके पर निस्तारण हुआ। इस्लामगंज बसौनी अब्दुल कादिर की तहरीर पर चार पर केस दर्ज किया तो लंबे समय से खैरहना गांव निवाशी रोमी व सुंदरिया के बीच चल रहे जमीन के विवाद को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पीएलबी अर्चना सिंह की मौजूदगी में निरस्तारित करवाया गया।
रास्ते का अतिक्रमण हटवाने की मांग
जायस(अमेठी)। कोतवाली जायस मे शनिवार को थाना समाधान दिवस एएसपी हरेंद्र कुमार की मौजूदगी में हुआ। पूरे मेंदी ओदारी निवास फूलचंद ने कहा कि साहब कुछ लोग रास्ते में बांस-बल्ली बांध कर अवरुद्ध किए है। बोलने पर मार-पीट करते है। सुनवाई के बाद एएसपी ने राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम को मौके पर भेजा।