अमेठी सिटी। लोगों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए शनिवार को सभी थानों में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। खास बात यह रही कि शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस था। समाधान दिवस में उन महिला फरियादियों की संख्या ज्यादा दिखी, जो न्याय के लिए बार-बार अफसरों के कार्यालयों का चक्कर काट रहीं हैं और उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा है। सभी थानों में नामित नोडल अफसरों ने लोगों की शिकायतें सुनीं। सुनवाई के बाद अधिकतर मामलों में शिकायतों के निस्तारण के लिए मौके पर टीम भेजी गई।
गौरीगंज थाने में सुबह 11:14 बजे चतुरीपुर गांव निवासी बुधना शिकायती पत्र लेकर पेश हुईं। बताया कि साहब...मेरी आबादी की भूमि पर गांव के कुछ दबंग कब्जा नहीं करने दे रहे हैं। जबकि दीवानी न्यायालय से उनके हक में निर्णय भी हुआ है। मकान का निर्माण करने से मना कर रहे हैं। शिकायत के बावजूद भी सुनवाई नहीं हो रही है। मौके पर मौजूद एसडीएम ने टीम गठित कर मामले की जांच कर कार्रवाई करने को कहा।
इसी बीच गुलरा मजरे सराय भागमानी निवासी शकुंतला यादव ने एसडीएम के सामने पहुंच कर बताया कि साहब... विपक्षी करीब 20 वर्षों से परेशान कर रहे हैं। मेरी आबादी की भूमि व रास्ते पर कब्जा करना चाहते हैं। घर आने-जाने के लिए एक ही रास्ता है। बताया कि कई बार सुलह समझौता किया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं हैं। इस मामले के निस्तारण के लिए टीम रवाना की गई। एसएचओ श्याम नारायण ने बताया कि कुल आठ मामले आए, जिनमें चार का मौके पर निस्तारण करवाया गया है।