अमेठी। समाधान दिवस शासन की मंशा पर खरे नहीं उतर रहे हैं। एक ही समस्या के निस्तारण के लिए शिकायतकर्ताओं को बार-बार चक्कर लगाना पड़ रहा है। शनिवार को जिले के सभी थानों पर आयोजित समाधान दिवस में फिर ऐसा नजारा दिखा।
दिवस में आए कई शिकायतकर्ता ऐसे मिले जो कई बार जिला, तहसील, थाने के साथ समाधान दिवस में अर्जी दी लेकिन अब तक समस्या का निस्तारण नहीं हुआ। शनिवार को गौरीगंज थाना परिसर में लगे समाधान दिवस में डीएम निशा अनंत, एसपी अनूप कुमार सिंह ने सुनवाई करते हुए सभी शिकायतों का गुणवत्ता पूर्ण ढंग से निस्तारण करने का निर्देश दिया है। दिवस में एसडीएम दिग्विजय सिंह, सीओ मयंक द्विवेदी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
भूमि पर नहीं मिला कब्जा
तहसील गौरीगंज के गांव दयालापुर निवासी सतीश दुबे ने बताया कि विपक्षी उन्हें संक्रमणीय भूमि पर जोताई- बोआई नहीं करने दे रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक ने दोनों पक्षों को कई बार समझाया-बुझाया था लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकला।
विपक्षी ने भूमि पर कर लिया कब्जागौरीगंज तहसील के गांव पंडरी निवासी बुजुर्ग सूर्य पाल यादव सुबह दस बजे समाधान दिवस में पहुंच गए। दिवसाधिकारी को शिकायती पत्र देते हुए बताया कि पहाड़गंज गांव में उनके नाम दर्ज भूमि है। सड़क किनारे स्थित उनकी बेशकीमती भूमि पर गांव के ही एक व्यक्ति ने कब्जा कर लिया है। वे जमीन पर कब्जे के लिए तीन बार तहसील व थाने के चक्कर काट चुके हैं। अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
तालाब की भूमि पर किया अवैध कब्जा
तहसील अमेठी के थाना संग्रामपुर में लगे समाधान दिवस में दादा का तारा बड़गांव निवासी सुमन सिंह पहुंची। दिवसाधिकारी को शिकायती पत्र देकर बताया है कि गांव के कुछ लोगों ने तालाब किनारे टीन शेड रखकर अवैध कब्जा कर लिया है। शिकायत के बावजूद अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।