अमेठी। भूमि विवाद निस्तारित करने के लिए शनिवार को सभी थानों में आयोजित संपूर्ण समाधान में हर कोई परेशान दिखा। कोई सरकारी तो कोई निजी भूमि पर हुए अतिक्रमण से परेशान था।
गौरीगंज थाने में शनिवार सुबह 10:40 बजे एसडीएम राकेश कुमार व सीओ मयंक द्विवेदी सुनवाई कर रहे थे। तभी अमेठी के अगहर निवासी रामअजोर ने शिकायत की कि साहब, संभावा में पत्नी के नाम दर्ज भूमि से सटे चकमार्ग पर लोग अतिक्रमण कर रहे हैं। शिकायत पर लेखपाल ने चार दिसंबर को पैमाइश की। 11 दिसंबर को विपक्षियों ने चकमार्ग तोड़ दिया। 23 दिसंबर को दोबारा पैमाइश हुई लेकिन कब्जा नहीं हटा। एसडीएम ने संयुक्त टीम को कब्जा हटाने का निर्देश दिया।
इसी बीच आबादी की भूमि का बैनामा करने के बजाए करार कराने वाली बारीपुर वार्ड निवासी विद्यावती बच्चों के साथ पहुंचीं। विद्यावती ने भी कब्जा दिलाने की मांग करने लगी। एसडीएम ने करार के आधार पर कब्जा दिलाने में असमर्थता जाहिर की तो वह पैसा वापस दिलाने की मांग करने लगी।
एसडीएम ने प्रभारी निरीक्षक को दोनों पक्षों को तलब कर निस्तारण करने को कहा। पंडरी निवासी चंद्रकली ने भी बैनामे की भूमि पर कब्जा नहीं मिलने की गुहार लगाई। सुनवाई के बाद यहां भी टीम मौके पर भेजी गई। कटरा लालगंज निवासी माता प्रसाद केस दर्ज कराने के लिए परेशान दिखे। समाधान दिवस में आई छह में से किसी भी निस्तारण मौके पर नहीं हुआ।
एसडीएम फाल्गुनी सिंह व सीओ डॉ. अजय सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में एक शिकायत राजस्व से तो दूसरी पुलिस से जुड़ी थी। दोनों शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ।
मॉडल थाना रामगंज में एसडीएम प्रीती तिवारी व सीओ लल्लन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित दिवस में 15 शिकायतें आई। सभी राजस्व से संबंधित थीं। तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष के लिए संबंधित राजस्व कर्मियों और पुलिस की टीम लगा दी गई हैं। पीपरपुर थाने में राजस्व निरीक्षक लालमणि और निरीक्षक अखंडदेव मिश्र ने पांच शिकायतें सुनकर एक का निस्तारण कराया।
बाजार शुकुल थाना परिसर में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस एसडीएम सविता यादव के सामने 14 शिकायतें आईं। किसी का मौके पर निस्तारण नहीं हो पाया। शिकायतें राजस्व व पुलिसकर्मी को देकर औपचारिकता निभाई गई।
इन्हौना थाना में एसओ देवेंद्र सिंह तो शिवरतनगंज में तहसीलदार पवन कुमार शर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इन्हौना थाने में चार शिकायतें आई। शिवरतनगंज में नौ शिकायतें आईं। आठ राजस्व व एक पुलिस से संबंधित थीं। दोनों थानों में एक-एक शिकायत का मौके पर निस्तारण हुआ।
एसपी डॉ. इलामारन जी समाधान दिवस में जायस थाने पहुंचे। दिवस में एसपी ने आठ शिकायतें सुनीं। संयुक्त टीम गठित कर निस्तारण के लिए रवाना कीं। एसपी ने इसके बाद थाने का निरीक्षण कर विवेचना व शिकायत निस्तारण की समीक्षा की।