सिंहपुर/तिलोई। भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ के अवसर पर सेमरौता कस्बे में धूमधाम से श्रीराम बरात निकाली गई। सुबह से ही श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मेला धनुष यज्ञ प्रांगण में बाबा घिसियावन दास की तपस्थली के महंत रामबचन दास और वयोवृद्ध सोमनाथ अवस्थी के पूजा-अर्चना के बाद बरात का शुभारंभ हुआ। इसमें भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं, जिन्हें देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
ढोल-नगाड़ों, शंखनाद और जय श्रीराम के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। बरात कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई पुनः कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। रामभक्तों ने पुष्पवर्षा कर झांकियों का स्वागत किया। जगह-जगह सेवा शिविर लगाकर श्रद्धालुओं को जलपान कराया गया। कार्यक्रम में संत-महात्माओं, सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
आयोजकों ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा की तीसरी वर्षगांठ पर आयोजित यह बरात समाज में धर्म, संस्कृति और एकता का संदेश देती है। इस दौरान हिमांशु अवस्थी, दीपू मिश्रा, कल्लू, अरुण, दयानंद, राजाराम, अवनींद्र सिंह, अशोक सोनी, घनश्याम, सतीश सैनी, आनंद तिवारी, राहुल गुप्ता, राकेश सैनी, शिवा तिवारी, अखिलेश यादव, भीम सिंह आदि मौजूद रहे।