शाहगढ़। बरेली में हो रही अंडर-23 प्रदेश स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अमेठी की धावक श्रेया यादव ने 100 और 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल कर दो स्वर्ण पदक जीते। गौरीगंज के घनश्याम की सरैया के गौरी का पुरवा निवासी श्रेया की इस उपलब्धि से जिले के खेल प्रेमियों में खुशी है।
दोहरी सफलता के बाद उनका चयन जयपुर में होने वाली ऑल इंडिया स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए हुआ है। श्रेया ने 14 वर्ष की उम्र में वर्ष 2014 से अमेठी के आंबेडकर स्टेडियम में एथलेटिक्स का अभ्यास शुरू किया था।
लगातार मेहनत और अभ्यास के बल पर वह अब तक आठ बार प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। बरेली में दो स्वर्ण पदक जीतने के बाद श्रेया का चयन 16 से 18 अक्तूबर तक जयपुर में होने वाली ऑल इंडिया स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए किया गया है। खेल प्रेमियों और जिले के खिलाड़ियों ने उनकी सफलता पर खुशी जताते हुए आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।