अमेठी सिटी। जिले के चार विकासखंडों के एडीओ पंचायत को नोटिस भेजकर कारण बताने के लिए कहा गया। वहीं नोटिस मिलने के बाद दो दिनों के अंदर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा है। सीडीओ ने विकास योजनाओं में कम खर्च करने पर जवाब मांगा है।
सीडीओ सूरज पटेल ने जिले के विकास खंड तिलोई के सहायक विकास अधिकारी शिवांश कुमार, संग्रामपुर के लाल शिवकांत सिंह, जगदीशपुर के फिरदौस आलम व सिंहपुर के विजय यादव को कारण बताओ नोटिस भेजा है। इसमें लिखा है कि पंचायती राज विभाग की ओर से 15वें व पंचम राज्य वित्त आयोग की संस्तुतियों पर ग्राम पंचायत को शासन स्तर से धनराशि दी जा रही है, जिसे विभिन्न विकास कार्यों में समय से खर्च करना है।
इसके लिए शासन स्तर व स्थानीय स्तर पर समीक्षा बैठकों का आयोजन किया जाता है। सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से हर माह प्रगति रिपोर्ट जारी की जा रही है, जिसमें दिसंबर में जिले में खर्च की स्थिति काफी खराब है। ऐसे में 25 जनवरी को पीएमएस पोर्टल से प्राप्त सूचना के अनुसार विकासखंड में धनराशि उपभोग का औसत प्रतिशत से काफी कम है। धनराशि नहीं खर्च करने का कारण दो दिन में अवगत कराएं। वहीं, डीपीआरओ मनोज कुमार त्यागी ने बताया कि तय समय पर सभी को धनराशि खर्च करनी है। ऐसे कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।