अमेठी सिटी। यूरिया की मांग बढ़ने से समितियों व इफको सेंटरों पर किसानों की कतार लग रही है। मंगलवार को जायस सहित 12 समितियों पर यूरिया उपलब्ध नहीं थी। यूरिया की किल्लत के चलते किसानों को मायूस होकर लौटना पड़ा।
जिले में 76 साधन सहकारी समितियां व 31 इफको सेंटर संचालित हैं। जायस कस्बा स्थित साधन सहकारी समिति पर ताला लटका मिला। यहां मिले दो किसानों ने बताया कि काफी दिनों से समिति पर यूरिया नहीं है। प्राइवेट दुकान पर भी यूरिया नहीं मिली। कहा कि एक बोरी यूरिया के लिए पांच किलोमीटर दूर बहादुर बाजार स्थित इफको सेंटर जाना पड़ेगा।
गौरीगंज स्थित इफको केंद्र पर किसानों की लाइन लगी थी। माधवपुर साधन सहकारी समिति पर पर्याप्त यूरिया उपलब्ध थी। इसके अलावा इफको सेंटरों पर भी किसानों की भीड़ दिखी। उधर, कमरौली के जाफरगंज साधन सहकारी समिति पर पिछले 10 दिनों से यूरिया नहीं है।
ऐसे में किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसान खाद के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं। किसान हौसिला प्रसाद, संतोष, इरफान अली, इस्लाम वारिस, वंशीलाल, राघवेंद्र, राधेश्याम द्विवेदी आदि ने बताया कि यूरिया के लिए चक्कर काटना पड़ रहा है। कहा कि यदि समय पर यूरिया नहीं मिली तो फसल की पैदावार पर असर पड़ेगा।
g निजी दुकान पर भी नहीं है खाद : जायस स्थित निजी खाद विक्रेता अनुराग मित्तल ने मंगलवार को बताया कि चार दिन पूर्व 100 बोरी यूरिया मिली थी। खतौनी आैर आधारकार्ड पर एक किसान को एक से दो बोरी यूरिया दी जा रही है। एक बोरी 266.50 रुपये में दी जा रही है। उन्होंने कहा कि यूरिया खत्म हो गई है। रैक आने की सूचना मिली है।