गौरीगंज रेलवे स्टेशन के टिकट काउंटर पर खड़े लोग। संवाद
अमेठी सिटी। नवरात्र, दशहरा और दीपावली के त्योहार पर अमेठी होकर दिल्ली जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रमुख ट्रेनों में 15 नवंबर तक कन्फर्म सीट नहीं मिल रही है। कई ट्रेनों में वेटिंग 60 से 80 तक पहुंच गई है। दिल्ली, गाजियाबाद और आसपास के शहरों में नौकरी करने वाले लोग त्योहार पर घर लौट रहे हैं।
अमेठी से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को भी टिकट के लिए दूसरी तारीख और ट्रेन तलाशनी पड़ रही है। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेलमार्ग पर अमेठी होकर दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, पद्मावत एक्सप्रेस और आनंद विहार गरीब रथ समेत प्रमुख ट्रेनों में सीटें तेजी से फुल हो रही हैं। रेलवे में 60 दिन पहले आरक्षण शुरू होता है।
त्योहार की तारीख नजदीक आने के साथ ट्रेनों में टिकट की मांग बढ़ गई है। पहले से टिकट कराने वाले यात्रियों को भी कन्फर्म सीट नहीं मिल पा रही है। रविवार को गौरीगंज रेलवे स्टेशन के बुकिंग काउंटर पर यात्रियों ने परेशानी बताई। रोहित वर्मा ने कहा कि दिल्ली जाने के लिए पहले टिकट कराने की कोशिश की, फिर भी सीट कन्फर्म नहीं हुई।
संगीता सिंह ने बताया कि त्योहार पर घर जाना है, मगर टिकट वेटिंग में मिल रहा है। अभिषेक यादव ने कहा कि कई ट्रेनों में सीट तलाशने के बाद भी कन्फर्म टिकट नहीं मिला। पूजा तिवारी ने बताया कि परिवार के साथ यात्रा करनी है। कन्फर्म टिकट नहीं मिलने से दूसरी व्यवस्था तलाशनी पड़ रही है।
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि तत्काल कोटे का टिकट ट्रेन रवाना होने से 24 घंटे पहले बुक होता है। बुकिंग पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर होती है।