उमारमण राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता में शामिल विद्यार्थी। स्रोत: विद्यालय प्रबंधन
अमेठी सिटी। उमारमण राजकीय इंटर कॉलेज जामों में शनिवार को आयोजित सामान्य ज्ञान और क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। विभिन्न विषयों से जुड़े सवालों के जवाब देकर विद्यार्थियों ने अपनी जानकारी और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में विशाल ने पहला, शिवम ने दूसरा और राधिका ने तीसरा स्थान हासिल किया। क्विज प्रतियोगिता में शिवम पहले, विशाल दूसरे और नेहा तीसरे स्थान पर रहीं। सवाल पूछे जाने के साथ ही विद्यार्थियों में जवाब देने की होड़ दिखाई दी। सही उत्तर मिलने पर साथी विद्यार्थियों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
प्रधानाचार्य वीरेंद्र यादव ने कहा कि पढ़ाई के साथ ऐसी गतिविधियों में भाग लेने से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानने का अवसर मिलता है। साथ ही उनमें आत्मविश्वास के साथ जवाब देने की क्षमता विकसित होती है। विद्यालय की ओर से आगे भी विद्यार्थियों को ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इस दौरान शिक्षक नित्यानंद पांडेय, सन्नी शुक्ल, राकेश मौर्य और समीर कुमार सहित विद्यालय के कर्मचारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।