गौरीगंज। महिला शिक्षामित्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को राखी भेजी। राखी भेजने के साथ प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री से शिक्षामित्रों ने अपना भविष्य सुरक्षित करने के लिए किए गए वादेे की याद दिलाई है। शिक्षामित्रों ने अपनी व परिवार की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री को सौंपते हुए रक्षाबंधन के उपहार के स्वरुप में नौकरी को संविदा के स्थान पर स्थाई करने की बात कही है। इस मौके पर आदर्श शिक्षामित्र वेलफेयर एसोसिएशन के महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष डॉ. अर्चना, विजय सिंह, साधना सिंह, कंचनलता सिंह, नीलम त्रिपाठी समेत कई शिक्षामित्र मौजूद रहे।