गौरीगंज बस स्टाप पर खड़ीं परिवहन निगम की बसें। -संवाद
अमेठी सिटी। जिला मुख्यालय से महज 11 किलोमीटर दूर स्थित शाहगढ़ ब्लॉक मुख्यालय एक दशक से अधिक समय बीतने के बाद भी नियमित बस सेवा से नहीं जुड़ सका है। इससे ग्रामीणों को जिला मुख्यालय के साथ सुल्तानपुर और लखनऊ आने-जाने में परेशानी उठानी पड़ रही है। मजबूरन लोगों को प्राइवेट वाहनों का सहारा लेना पड़ता है और वाहन न मिलने पर घंटों इंतजार करना पड़ता है।
शाहगढ़ में ब्लॉक कार्यालय, बीआरसी, सीएचसी, कृषि भवन, पशु चिकित्सालय, बैंक, डाकघर और कॉलेज समेत कई महत्वपूर्ण संस्थान हैं, जहां आसपास के गांवों से रोजाना लोग आते हैं। इसके बावजूद सीधी बस सेवा न होने से सुल्तानपुर स्थित न्यायालय और अस्पताल जाने वाले लोगों को भी दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है।
स्थानीय निवासी राकेश श्रीवास्तव ने बताया कि सीधी बस न होने से लोगों का समय और पैसा दोनों बर्बाद होता है। राम सजीवन मटियारी और राघवराम मिश्र ने कहा कि बस सेवा शुरू होने से क्षेत्र की करीब तीन लाख आबादी, विद्यार्थियों, मरीजों और कर्मचारियों को बड़ी राहत मिलेगी।
उधर, डिपो इंचार्ज आरके वर्मा ने बताया कि शाहगढ़ से बस सेवा की मांग की जानकारी लेकर यात्रियों की संख्या और मार्ग की उपयोगिता के आधार पर उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेजा जाएगा।