कमरौली (अमेठी)। युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल विभाग की ओर से मंगरौरा स्थित खेल मैदान में बृहस्पतिवार को ब्लॉक स्तरीय ग्रामीण खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अदनान ने किया। इसमें अलग-अलग खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
सब जूनियर वर्ग के पांच मीटर गोला फेंक में संगम, काजल व ज्योति क्रमश: पहले, दूसरे व तीसरे स्थान पर रहीं। सब जूनियर बालिका वर्ग 100 मीटर दौड़ में सुहाना बानो प्रथम विनीता गुप्ता द्वितीय व लक्ष्मी कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं। बालिकाओं ने कबड्डी में भी भाग लिया। बालक वर्ग जूनियर स्तरीय 400 मीटर दौड़ में अमित प्रथम, चंदन द्वितीय, आजम तीसरे स्थान पर रहे।
1500 मीटर दौड़ में शान बाबू पहले, आनंद प्रताप सिंह दूसरे व इजहार तीसरे स्थान पर रहे। इसके अतिरिक्त ऊंची कूद सहित अन्य खेलों में खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के समापन पर विजेता खिलाड़ियों को ग्राम प्रधान ने पुरस्कार, मेडल एवं प्रमाणपत्र वितरित किए। इस मौके पर क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अपूर्वा यादव, रितेश वर्मा, रामसागर गुप्ता, विनोद सिंह, दयानंद पांडेय, डॉ. पूनम सिंह, दिलीप कुमार आदि मौजूद रहे।