अमेठी। जिला प्रशासन को सोमवार रात मिली 1,750 लोगों की कोविड सैंपल की रिपोर्ट में जगदीशपुर के इंडोगल्फ कॉलोनी निवासी तीन समेत सात लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। डीएम ने गठित टीमों को सक्रिय करते हुए संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों को ट्रेस कर उनका परीक्षण कराने का निर्देश दिया है।
पांच मई से जिले में शुरू कोविड संक्रमण की रफ्तार कम होने के बावजूद जिला प्रशासन सतर्कता बरतने में जुटा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से किए गए एंटीजन, ट्रूनॉट व रैपिड टेस्ट विधि से 1,757 लोगों की सैंपलिंग रिपोर्ट सोमवार रात जिला प्रशासन को मिली।
रिपोर्ट में इंडोगल्फ कॉलोनी में रहने वाले तीन, बीएचईएल के दो तथा गौरीगंज के छिटेपुर गांव में एक परिवार के दो लोग कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद डीएम अरुण कुमार ने पहले से गठित टीमों को सक्रिय करते हुए संक्रमितों के संपर्क में आए लोगों की सैंपलिंग तथा बचाव कार्य युद्धस्तर पर करते हुए संक्रमित क्षेत्र को संक्रमण मुक्त करने का निर्देश दिया है।
कोरोना संक्रमितों की संकलित रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक 3,411 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। जिनमें से उपचार के बाद 3,276 सही हो चुके हैं।