तिलोई/जगदीशपुर। मोहनगंज व जगदीशपुर क्षेत्र में बुधवार को हुए सड़क हादसों में सात लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मोहनगंज के तिलोई-जायस मार्ग पर चेतरा बुजुर्ग गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार चेतरा बुजुर्ग निवासी अजीज (60), मोहनगंज निवासी रामभरोसे व पूरे अमीर सिंह मजरे रजनपुर निवासी रोहित यादव घायल हो गए। वहां से गुजर रहे भाजपा नेता राकेश त्रिपाठी ने एंबुलेंस से तीनों को मेडिकल कॉलेज तिलोई में भर्ती कराया। वहां से अजीज को एम्स रायबरेली रेफर कर दिया।
उधर, परवेजपुर निवासी दूधनाथ (45) व सहदेव (40) बुधवार को साइकिल से चौराहे की ओर जा रहे थे। पूरे सोहरत सिंह निवासी सियाराम (30) अपने दो वर्षीय पुत्र नितयांश के साथ रानीगंज से दवा लेकर बाइक से लौट रहे थे। मंगौली मोड़ के पास बाइक व साइकिल में भिड़ंत हो गई।
हादसे में चारों घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने सभी को अस्पताल पहुंचाया। अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि घायलों के परिजनों को सूचना दे दी गई है। (संवाद)