मोहनगंज थाने में पकड़े गए आरोपी।
तिलोई। सीएचसी में पुलिस अभिरक्षा के दौरान तीन युवकों पर हमला करने के मामले में पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। दो वाहनों से पहुंचे आरोपियों ने युवकों को पीटा और उनका गला दबाने का प्रयास किया। हमले में मोइनुद्दीन और मकसूद अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने नामजद आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
सिंहपुर के मजरे ढोढ़नपुर निवासी अलीशेर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके भाई मोइनुद्दीन और दूसरे पक्ष के बीच पहले मारपीट हुई थी। इसी मामले में पुलिस मोइनुद्दीन, मकसूद अहमद और अरफान खान को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी तिलोई लेकर पहुंची थी। रविवार शाम तीनों अस्पताल में मौजूद थे।
इसी दौरान दो वाहनों से सात लोग वहां पहुंचे और उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने तीनों की पिटाई की और मोइनुद्दीन व मकसूद का गला दबाने का प्रयास किया। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रेफर कर दिया। अलीशेर की तहरीर पर पुलिस ने पूरे शिव सिंह मजरे कूरा निवासी इजहार, यूनुस खान, तालिब, सिराज, तस्लीम और इरफान उर्फ मजहर तथा जायस क्षेत्र के तामामऊ निवासी सैफुल्लाह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
इंस्पेक्टर राकेश सिंह ने बताया कि पहले हुए विवाद के बाद चार लोगों को मेडिकल परीक्षण के लिए सीएचसी लाया गया था। इसी दौरान मारपीट की घटना हुई। पुलिस अभिरक्षा के दौरान कुछ लोग भीड़ के बीच से निकल गए थे, जिन्हें दोबारा पकड़ लिया गया। सीओ दिनेश कुमार मिश्रा ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय ने दोनों को जेल भेज दिया है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
खराब मिले अस्पताल के सीसीटीवी कैमरे
सीएचसी में लगे सीसीटीवी कैमरे तकनीकी खराबी के कारण काम नहीं कर रहे थे। अस्पताल अधीक्षक ने बताया कि कैमरे लंबे समय से खराब हैं। उनकी मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा गया है।