गौरीगंज (अमेठी )। एक सहायक विकास अधिकारी पंचायत का तबादला गैर जनपद होने व एक के चिकित्सकीय अवकाश पर चले जाने से सीडीओ के आदेश पर डीपीआरओ ने सात सहायक विकास अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया है। आदेश में दो ग्राम पंचायत अधिकारी को एडीओ पंचायत की जिम्मेदारी दी है। तिलोई ब्लाॅक में तैनात सहायक विकास अधिकारी पंचायत अनुराग यादव का तबादला गैर जनपद हो गया है। सिंहपुर ब्लाॅक के एडीओ पंचायत मनोज कुमार चौधरी चिकित्सकीय अवकाश पर चले गए हैं। विकास कार्य प्रभावित नहीं हो इसके लिए सीडीओ सान्या छाबड़ा के निर्देश पर शुक्रवार को डीपीआरओ अधिकारी श्रीकांत यादव ने तिलोई ब्लाॅक के एडीओ पंचायत की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत अधिकारी रजनीश भाष्कर व सिंहपुर ब्लाॅक में एडीओ पंचायत पद की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत अधिकारी सर्वेश कुमार वर्मा को दिया है। भेटुआ ब्लाॅक के एडीओ पंचायत गुलाब चंद को भादर तो संग्रामपुर ब्लाक के एडीओ पंचायत हरिशंकर सिंह को अमेठी ब्लाॅक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है।
भेटुआ ब्लाॅक के एडीओ पंचायत फिरदौस आलम को जगदीशपुर, साधू सरन को जगदीशपुर से मुसाफिरखाना व रामदीन को अमेठी से शाहगढ़ ब्लाॅक के एडीओ पंचायत का प्रभार दिया गया है। डीपीआरओ ने सभी को तत्काल कार्यभार ग्रहण करने का आदेश दिया गया है।