अमेठी। सोलर प्लांट और ट्रांसफार्मर से तार चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 22 बंडल तार, 80 हजार रुपये, वारदात में इस्तेमाल पिकअप और चोरी के उपकरण बरामद हुए हैं। आरोपियों ने करीब एक महीने तक नेवादा स्थित सोलर प्लांट की रेकी करने के बाद चोरी की साजिश रची थी।
सीओ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि नेवादा स्थित सोलर प्लांट में चोरी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस जांच कर रही थी। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस सेल से मिले इनपुट के आधार पर आरोपियों की लोकेशन शुक्रवार रात नेवादा के पास मिली। इसके बाद भाले सुल्तान शहीद स्मारक एसओ अजयेंद्र पटेल और एसओजी प्रभारी अनूप सिंह ने पुलिस बल के साथ घेराबंदी की।
पुलिस टीम से घिरा देख भागने की कोशिश कर रहे सुल्तानपुर जिले के धनपतगंज क्षेत्र के मुड़वा गांव निवासी शिवपूजन, चांदा क्षेत्र के गोपीनाथ गांव निवासी सुशील, मोतिगरपुर क्षेत्र के ककरवापुर गांव निवासी प्रेमलाल, विश्राम, राजेश निषाद और अनिल निषाद के साथ भाले सुल्तान शहीद स्मारक क्षेत्र के भूलीनगर निवासी कौशलदीप को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने नेवादा स्थित सोलर प्लांट से दो बार तार चोरी करने और मार्च में जामों-वारिसगंज मार्ग पर लगे ट्रांसफार्मर से बाइंडिंग तार चोरी करने की बात स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार आरोपी शुक्रवार रात तीसरी बार चोरी करने पहुंचे थे। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर सातों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद उपकरणों में प्लास, तार कटर, आरी ब्लेड, पेचकस, छेनी और रिंच समेत अन्य सामान शामिल हैं।
पुलिस कार्यालय सभागार में शनिवार को एसपी सरवणन टी ने घटनाओं का खुलासा किया। उन्होंने कार्रवाई में शामिल एसओ अजयेंद्र पटेल, एसओजी प्रभारी अनूप सिंह और उनकी टीम की सराहना करते हुए 15 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की।