अमेठी सिटी। लखनऊ-वाराणसी रेल मार्ग पर होली के चलते किसी भी ट्रेन में सीट उपलब्ध नहीं है। इससे दिल्ली, मुंबई, पंजाब, बंगलूरू सहित अन्य बड़े शहरों में गए लोगों को घर आने के लिए ट्रेन का कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है।
अपने घर से दूर अन्य राज्यों में जाकर नौकरी करने वाले ज्यादातर लोग घर-परिवार के साथ होली मनाते हैं। त्योहार पर घर आने की लोगों की भीड़ की वजह से ज्यादातर ट्रेनों में अभी से वेटिंग है। ट्रेन का टिकट न मिलने पर कुछ लोग आने की यात्रा भी टाल दे रहे हैं। 13 मार्च को होलिका दहन और अगले दिन 14 मार्च को होली खेली जाएगी। अन्य राज्यों से अमेठी आने वाली ट्रेनों में 14 मार्च तक अभी से लंबी वेटिंग आने लगी है। स्लीपर कोच के अलावा वातानुकूलित कोच की भी सीटें अधिकांश रिजर्व हो चुकी हैं।
त्योहार पर ट्रेन से घर जाने के लिए लोग टिकट के लिए बुकिंग काउंटर पहुंच रहे हैं, जहां सभी ट्रेनों के फुल होने की जानकारी मिल रही है। पिछले एक माह से दिल्ली से आने वाली पद्मावत एक्सप्रेस, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, नीलांचल एक्सप्रेस और मुंबई से आने वाली उद्योगनगरी व साकेत एक्सप्रेस के साथ ही अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल में सीटें फुल चल रही हैं। ऐसे में कुछ लोग सफर के लिए वेटिंग टिकट बनवा रहे हैं तो कुछ साथियों की मदद से सफर करने की तैयारी में हैं।
जिन लोगों को रिजर्वेशन नहीं मिल सका है, वे तत्काल टिकट के चक्कर में हैं। परेशानी सिर्फ आने की ही नहीं है, बल्कि होली के बाद लौटने के लिए भी भारी मुसीबत झेलनी पड़ेगी। यह संकट 15 अप्रैल तक बना रहेगा।
नियमित हो रही बुकिंग
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि होली होने से ट्रेनों में भीड़ बढ़ी है। आरक्षित टिकट की बुकिंग लोग पहले से करवा लेते हैं। ऐसे में इन दिनों वेटिंग का टिकट नहीं मिल पा रहा है। तत्काल कोटे से टिकट की प्रतिदिन बुकिंग हो रही है। स्पेशल ट्रेन संचालन से जुड़ा अभी कोई आदेश नहीं मिला है।