अमेठी सिटी। क्षेत्र में मंगलवार को हुई तेज बारिश का असर शहर से लेकर गांव तक दिखा। अमेठी एसडीएम, सीओ आवास संग सरकारी कार्यालयों, घरों व दुकानों में पानी भर गया है। इससे कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हुआ। जलभराव से लोगों का आवागमन दूभर हो गया। सुबह-शाम हो रही तेज बारिश और दिन में हो रही उमस ने लोगों को परेशान कर दिया।
जिले में सुबह पांच से सात बजे तक तेज बारिश हुई। सात बजे के बाद मौसम खुला, तेज धूप के बीच उमस ने लोगों को परेशान कर दिया दिनभर लोग उमस के कारण पसीने से तरबतर दिखे। दोपहर बाद करीब तीन बजे से तेज बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे तक लगातार बारिश होने से जलभराव की समस्या बढ़ गई। जिला मुख्यालय स्थित सीएमओ कार्यालय परिसर, सहकारिता आयुक्त कार्यालय परिसर, जिला अस्पताल के मुख्य गेट, जीजीआईसी मोड़, अमेठी गौरीगंज मार्ग स्थित कटरा लालगंज, सरैंया गांव संपर्क मार्ग, सैठा रेलवे क्राॅसिंग मार्ग, वार्ड नंबर 16, 18 व चौक बाजार से जगदीशपुर को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग पर जलभराव हो गया।
वहीं अमेठी स्थित बस स्टेशन, जूनियर हाईस्कूल परिसर, पशु चिकित्सालय, तहसील, कोतवाली, डाकघर, रजिस्ट्री ऑफिस, रामलीला मैदान, एसडीएम काॅलोनी, तकिया मोहल्ला और देवीपाटन मंदिर में जलभराव हो गया। अमेठी एसडीएम व सीओ आवास में पानी भर गया। मौके पर पहुंचे नगर पंचायत के कर्मी पानी निकालने की कवायद में जुट गए। कालिकन धाम अंडरपास में भी पानी भर गया। सरकारी कार्यालयों में आने वाले फरियादियों को समस्या का सामना करना पड़ा। इसके अलावा संग्रामपुर, भादर, भेटुआ, कमरौली सहित अन्य क्षेत्रों में बारिश के जलभराव होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।