जगदीशपुर। पालपुर-रायबरेली रोड पर किराये के मकान में रहकर मूर्तियां बनाने वाले दिलशाद (35) की बृहस्पतिवार दोपहर छत से गिरकर मौत हो गई। सिर में गंभीर चोट लगने पर साथी उन्हें ट्रॉमा सेंटर जगदीशपुर ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए शव लेकर पैतृक गांव रवाना हो गए।
हरदोई जिले के शाहाबाद के महुवा टोला निवासी दिलशाद रविवार को अपने मौसेरे भाई और ठेकेदार नईम के साथ जगदीशपुर आए थे। नईम के अनुसार, उनके साथ नौ अन्य कारीगर भी थे। सभी दशहरा और दिवाली के लिए मूर्तियां बनाने का काम करते हैं। दिलशाद मूर्तियों पर रंग-रोगन करते थे। सभी पालपुर-रायबरेली रोड स्थित नदीम के मकान में किराये पर रहकर काम कर रहे थे।
बताया गया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब ढाई बजे दिलशाद छत पर सो रहे थे। इसी दौरान वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि, उनके गिरने की परिस्थितियां स्पष्ट नहीं हो सकीं। दिलशाद अविवाहित थे। परिवार में उनकी दो बहनें शाहिना और हसीना और भाई इरशाद हैं। सीओ मुसाफिरखाना अतुल सिंह ने बताया कि जांच की जा रही है और विधिक कार्रवाई जारी है।