अमेठी। परिषदीय विद्यालयों में छात्र संख्या बढ़ाए जाने और लोगों को जागरूक करने को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से रैली निकालने के साथ घर-घर संपर्क अभियान चल रहा है। बृहस्पतिवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र की ओर से बीईओ हरिओम तिवारी के नेतृत्व में स्कूल चलो अभियान के तहत बाइक रैली निकाली गई। रैली आवास विकास कालोनी, रामनाथपुर, मिस्त्री का पुरवा, पूरे प्रेम बाईपास होते हुए प्राथमिक विद्यालय ताला प्रथम पहुंची। नोडल शिक्षक संकुल सत्य प्रकाश शुक्ल, जितेंद्र तिवारी ने स्वागत किया। यहां से बाइक रैली ताला स्थित श्री मुकुटनाथ इंटर कॉलेज, प्राथमिक विद्यालय कुशीताली होते हुए देवीपाटन प्राथमिक विद्यालय द्वितीय पहुंची। प्रधानाध्यापक एसआरजी अमिता मिश्रा ने रैली का स्वागत किया। यहां पर बीईओ की मौजूदगी में बच्चों के साथ शिक्षकों ने रैली निकाली। इस दौरान पढ़ी-लिखी लड़की रोशनी है घर की, लड़का-लड़की एक समान सबको दो तुम विद्यादान आदि नारों के माध्यम से अभिभावकों को जागरूक किया। प्राथमिक विद्यालय प्रथम में पहुंचे प्रधानाचार्यों और शिक्षकों ने बीईओ के नेतृत्व में शहर की सड़कों पर जागरूकता रैली निकाली जो तहसील परिसर पहुंची। बतौर मुख्य अतिथि एसडीएम प्रीति तिवारी ने रैली का समापन किया।