जायस (अमेठी)। दो माह से वेतन नहीं मिलने पर नगर पालिका परिषद में शुक्रवार को सफाई कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। उन्होंने पालिका अध्यक्ष से वार्ता कर ज्ञापन भी सौंपा। आरोप लगाया उन्हें नगर पालिका से सफाई के लिए झाड़ू सहित अन्य उपकरण भी नहीं दिए जा रहे हैं।
सफाई कर्मियों ने बताया कि वेतन के लिए वे लगातार पालिका कार्यालय का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही है। इस दौरान ईओ रवींद्र मोहन मौजूद नहीं थे। सूचना मिलते ही अध्यक्ष मनीषा सिंह चौहान पालिका कार्यालय पहुंचीं और बातचीत कर उन्हें शांत कराया। पालिका अध्यक्ष ने बताया कि चुनाव आचार संहिता लागू थी, जिसके कारण राज्य वित्त आयोग से बजट नहीं पास कराया जा सका। 12 जून को बुलाई गई बोर्ड बैठक में बजट पास होते ही पालिका कर्मचारियों को वेतन भुगतान किया जाएगा। उधर सफाई कर्मचारियों का कहना है कि यदि 10 जून तक उन्हे भुगतान न मिला तो वे काम पर नहीं आएंगे।
विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से राहुल कुमार, अनिल कुमार, अजय कुमार, श्याम लाल, लल्लू, राम गोपाल, रमेश कुमार, रवि कुमार, रतन लाल, बांके लाल, सुशील कुमार, सुंदर लाल, गीता देवी, राम कुमारी, अनिता देवी, तारा देवी, गोविंद प्रसाद आदि मौजूद थे।