अमेठी सिटी। मौसम साफ होने के बावजूद ट्रेनों की लेटलतीफी में सुधार नहीं हो रहा है। रविवार को ट्रेनों के देरी से पहुंचे से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सर्वाधिक परेशानी प्रयागराज में चल रहे माघ मेले के दर्शनार्थियों को हो रही है।
लखनऊ-प्रतापगढ़-वाराणसी रेल ट्रैक पर संचालित ट्रेनों का परिचालन रविवार को विलंब से हुआ। प्रयागराज में चल रहे माघ मेले के कारण दर्शनार्थियों की भीड़ ट्रेनों में उमड़ रही है। रविवार को प्रयागराज स्पेशल ट्रेन अपने निर्धारित समय सुबह 9:17 के बजाय डेढ़ घंटे देरी से दोपहर 10:52 बजे गौरीगंज पहुंची। लखनऊ-प्रयागराज संगम स्पेशल से गंगा स्नान करे शाम को घर पहुंचने की चाहत रखने वालों को निराश होना पड़ा। या तो उन्होंने यात्रा स्थगित कर दी या फिर प्रयागराज संगम में रात्रि निवास का प्रबंध करना पड़ा। प्रयागराज संगम स्नान व दर्शन को जाने वाले यात्रियों को परेशानी हुई। इसके अतिरिक्त वाराणसी-देहरादून जनता एक्सप्रेस 30 मिनट तो हावड़ा-अमृतसर पंजाब में एक घंटा देर से गौरीगंज पहुंची। आनंद बिहार-मालदा टाउन साप्ताहिक चार घंटा, दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस चार घंटा, लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी 40 मिनट विलंब से संचालित हुई। देहरादून-वाराणसी व अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल डेढ़ घंटा विलंब से गौरीगंज पहुंच गंतव्य को रवाना हुई। स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने रविवार को प्रयागराज संगम स्पेशल ट्रेन के डेढ़ घंटा विलंब से संचालित होने की पुष्टि की है।