अमेठी सिटी। लखनऊ-प्रतापगढ़ रेल ट्रैक पर ट्रेनों की लेटलतीफी नहीं थम रही है। रविवार को सभी स्टेशनों पर ठहराव वाली एकमात्र अप व डाउन लखनऊ-प्रयागराज संगम पैसेंजर पांच घंटे देरी से गौरीगंज पहुंची। इसके अलावा अप व डाउन जनसाधारण एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनें भी देर से आईं।
ठंड के कारण प्लेटफार्म पर इंतजार कर रहे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हावड़ा-लालकुआं एक्सप्रेस रविवार को चार घंटे देर से सुबह 7:52 बजे पहुंची। इसके अलावा आनंद विहार-मालदा टाउन एक्सप्रेस दो घंटे देरी से आई। सबसे अधिक परेशानी संगम पैसेंजर के यात्रियों को हुई जो पांच घंटे देर से दोपहर 2:45 बजे पहुंची। इस ट्रेन से सफर करने वालों को ठंड में लंबे समय तक प्रतीक्षा करनी पड़ी। कपिल, राकेश, सुरेश, विमला और कल्पना ने बताया कि ट्रेन लेट होने से पूरा समय इंतजार में निकल गया।
इसके अलावा दिल्ली-पुरी एक्सप्रेस और अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल तीन घंटे देर से आई। अप व डाउन जनसाधारण एक्सप्रेस भी पांच घंटे देरी से पहुंची। मालदा टाउन-आनंद विहार एक्सप्रेस चार घंटे, प्रयागराज संगम-लखनऊ पैसेंजर पांच घंटे तथा जनता और काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस एक-एक घंटे देर से गौरीगंज पहुंची।
स्टेशन अधीक्षक प्रवीण सिंह ने बताया कि लंबी दूरी की ट्रेनें अपरिहार्य कारणों से देरी से पहुंचीं। प्लेटफार्म पर यात्रियों की सुविधा के लिए समुचित व्यवस्था की गई है। समय-समय पर ट्रेनों से संबंधित जानकारी दी जा रही है।