अमेठी सिटी। जिले के तिलोई में आयोजित नौ दिवसीय श्रीराम कथा के प्रवाचक अंतरराष्ट्रीय कथावाचक शांतनु महराज ने मीडिया से बात करते हुए बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश में सनातन बोर्ड का गठन होना चाहिए। भगवान श्रीराम 500 साल बाद अयोध्या के मंदिर में विराजमान हुए हैं। इस समय सनातन धर्म का पुनर्जागरण हुआ है जो दिव्य काल तक चलता रहेगा।
तिलोई स्थित इंटर काॅलेज परिसर मेंं नौ दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन प्रदेश के स्वास्थ्य राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय कथावाचक शांतनु महराज ने मुख्यमंत्री योगी के बयान बंटोगे तो कटोगे का समर्थन करते हुए कहा कि मैंने कथा के दौरान भी कहा था कि बंटोगे तो कटोगे। क्योंकि जब भी हिंदू धर्म को क्षति पहुंचेगी, वह संपूर्ण मानवता के लिए कष्टकारी होगा। इसलिए सनातनियों और हिंदुओं को एकजुट होकर रहना पड़ेगा। यह निश्चित है कि बंटोगे तो कटेंगे और देश का हिस्सा भी बंटेगा। इस समय सनातन के जागरण का प्रचंड उत्सव चल रहा है।