गौरीगंज (अमेठी)। जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए मंगलवार को सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। मुसाफिरखाना में डीएम तो गौरीगंज में एडीएम को फरियादियों ने अपनी पीड़ा सुनाई। शिकायतों की सुनवाई के बाद सिर्फ गौरीगंज में तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण हुआ तो मुसाफिरखाना व अमेठी में एक भी शिकायत निस्तारित नहीं हो सकी।
कोविड-19 संक्रमण के बीच जारी गाइडलाइन का पालन करते हुए फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण करने के लिए मंगलवार को सभी तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। मुसाफिरखाना तहसील में डीएम अरुण कुमार व एसपी दिनेश सिंह तो गौरीगंज तहसील में एडीएम वंदिता श्रीवास्तव व एएसपी दयराम सरोज तथा अमेठी में एसडीएम योगेंद्र सिंह व सीओ अर्पित कपूर ने दिवस की अध्यक्षता की।
संपूर्ण समाधान दिवस में मुसाफिरखाना तहसील में 69 तो अमेठी में 63 तथा गौरीगंज में 66 फरियादियों ने अपनी पीड़ा अफसरों को सुनाईं। शिकायतों की सुनवाई करते हुए गौरीगंज में एडीएम ने तीन शिकायतों का मौके पर निस्तारण कराया तो मुसाफिरखाना व अमेठी में एक भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
दिवस के बाद भूमि विवाद की शिकायतों का निस्तारण करने के लिए पांच पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम मौके पर रवाना की गई हैं। शेष शिकायतों को संबंधित विभाग के अफसरों को सौंपते हुए समय सीमा में गुणवत्ता परक ढंग से निस्तारित करने का निर्देश दिया गया। इस दौरान पूर्व के दिवस में निस्तारण की समीक्षा करते हुए अफसरों ने लंबित शिकायतों पर जिम्मेदारों को फटकार भी लगाई।
अफसरों ने मौजूद अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी। मुसाफिरखाना में सीडीओ डॉ. अंकुर लॉठर, सीएमओ डॉ. आशुतोष कुमार दुबे व एसडीएम रामशंकर समेत सभी जिला स्तरीय अफसर मौजूद रहे।