अमेठी सिटी। ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के लिए सरकार करोड़ों रुपये दे रही है, लेकिन पंचायत सचिव खर्च करने में कंजूसी कर रहे हैं। ऐसे 29 पंचायत सचिवों का जुलाई का वेतन डीपीआरओ मनोज कुमार त्यागी ने रोक दिया है।
डीपीआरओ ने बताया कि जिले के जगदीशपुर, गौरीगंज, संग्रामपुर, जामों आदि विकास खंडों के पंचायत सचिवों को कारण बताओ नोटिस भेजा गया है। नोटिस में लिखा है कि ऑनलाइन जानकारी के अनुसार 15वें व पंचम वित्त योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों को धनराशि आवंटित की गई है। नियमानुसार उपभोग की समीक्षा करने पर यह पाया गया कि विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत आवंटित राशि का उपयोग अपेक्षा से काफी कम हुआ है। योजनाओं के क्रियान्वयन में इस प्रकार की शिथिलता लापरवाही मानी जाती है।
निर्देशों की अवहेलना और निर्धारित समय सीमा में धनराशि का उपयोग नहीं करने के कारण संबंधित पंचायत सचिवों का जुलाई का वेतन स्थगित किया जाता है। निर्देशित किया है कि दो दिवस के भीतर ग्राम पंचायत के खातों में उपलब्ध शेष धनराशि का प्राथमिकता से उपयोग सुनिश्चित करें। साथ ही बार-बार निर्देशित किए जाने के बावजूद राशि को खाते में शेष रखने के संबंध में साक्ष्य सहित लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। शासन स्तर पर जिले की रैंकिंग प्रभावित होती है तो इस स्थिति के लिए सचिव स्वयं उत्तरदायी माने जाएंगे तथा उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।