अमेठी सिटी। जिले के राजकीय कर्मचारियों के बैंक खातों में बुधवार को वेतन पहुंचने की पूरी उम्मीद है। इसके लिए कोषागार कार्यालय में सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गईं। वहीं बोनस व महंगाई भत्ता आदि प्राप्त बिलों के अनुसार पहले ही भेजे जा चुके हैं।
जिले में राजकीय कर्मचारियों की संख्या करीब नौ हजार है। शासन के निर्देश पर इस बार दीपावली से पहले कर्मचारियों को वेतन देने का आदेश है, जिसके लिए जिले के सभी कर्मचारियों को वेतन का बिल 26 अक्तूबर को ही भेजने के लिए कहा गया था, जिसमें 29 अक्तूबर तक विभिन्न कार्यालयों से वेतन बिल प्राप्त होते रहे, जिसके प्रपत्र तैयार कर हस्ताक्षर आदि करने की प्रक्रिया दिनभर पूरी की गई।
वरिष्ठ कोषागार अधिकारी रामेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि जिन विभागों से बिल प्राप्त हो गए हैं। उनका वेतन लगभग तैयार कर लिया गया है, जिसमें मुख्य रूप से शिक्षा विभाग, विकास भवन, पंचायतीराज, कृषि, राजस्व आदि से संबंधित वेतन बिल मिल गए हैं। वहीं बुधवार को मिलने वाले वेतन बिल का भुगतान भी 30 अक्तूबर को कर दिया जाएगा।