अमेठी। रामगंज क्षेत्र में शनिवार रात सशस्त्र बदमाशों ने एक परिवार को बंधक बनाकर 15 हजार रुपये और कीमती आभूषण लूट लिए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित परिवार ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस अभी जांच कर रही है।
रामगंज के कुरंग गांव निवासी चंद्रसेन के मकान को शनिवार रात छह सशस्त्र बदमाशों ने निशाना बनाया। छत पर आहट सुन चंद्रसेन की नींद टूटी तो उन्होंने शोर मचाने की कोशिश की। चंद्रसेन के मुताबिक बदमाशों ने पूरे परिवार को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया और घर में मौजूद 15 हजार रुपये और करीब चार लाख रुपये कीमत के जेवर लूटकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ित ने मामले की सूचना रात में ही रामगंज चौकी पुलिस को दी। पुलिस ने सुबह आने को कहा। रविवार सुबह परिवार के लोग चौकी पर पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रामगंज थाना जाने को कहा। रामगंज थाने जाने पर पीड़ित परिवार को जांच के बाद केस दर्ज करने की बात कहकर वापस कर दिया गया। एसएचओ मनोज कुमार ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।