अमेठी। समीक्षा अधिकारी और सहायक समीक्षा अधिकारी की परीक्षा में शामिल होने जा रहे अभ्यर्थियों को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए रोडवेज प्रशासन ने कमर कस ली है। अमेठी डिपो से 35 अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। यह बसें शनिवार शाम से अलग-अलग मार्गों पर संचालित की जाएंगी, ताकि 27 जुलाई को होने वाली परीक्षा में समय से पहुंचने और लौटने में परीक्षार्थियों को सहूलियत मिल सके।
अमेठी सहित आसपास के जिलों से हजारों परीक्षार्थी परीक्षा में भाग लेंगे। इन्हें लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, बाराबंकी, सुल्तानपुर, रायबरेली, उन्नाव और सीतापुर जैसे प्रमुख शहरों में बनाए गए परीक्षा केंद्रों तक पहुंचना है। रोडवेज ने इन रूटों पर अतिरिक्त बसें लगाने की तैयारी पूरी कर ली है। अमेठी डिपो के एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि डिपो से लखनऊ के लिए 20, प्रयागराज के लिए तीन और अन्य जिलों के लिए भी विशेष बसें लगाई जा रही हैं।
यह बसें नियमित रूट के साथ परीक्षार्थियों की संख्या और आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त फेरे लगाएंगी। एआरएम ने कहा कि शासन के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए परीक्षार्थियों को यात्रा में कोई असुविधा न हो, यह प्राथमिकता है। हर बस अड्डे पर हेल्प डेस्क भी स्थापित किया जाएगा, जहां से अभ्यर्थियों को रूट, समय और सीट संबंधी जानकारी दी जाएगी। परीक्षा से पहले और बाद के दोनों दिनों में रोडवेज की यह विशेष व्यवस्था परीक्षार्थियों को राहत पहुंचाएगी। रोडवेज अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान समय का ध्यान रखें और बस स्टेशन पर आवश्यक जानकारी लेकर ही रवाना हों।